*गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के प्रयागराज कहे जाने वाले तीर्थ स्थल राजिम में आस्था और श्रद्धा का महापर्व ‘राजिम कुंभ कल्प मेला 2026’ आज से पूरी भव्यता के साथ शुरू हो गया है। मेले के गरिमामय उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल महामहिम श्री रमेन डेका शामिल हुए। उन्होंने महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के पवित्र त्रिवेणी संगम पर स्थित कुंभ क्षेत्र पहुंचकर विधिवत महानदी की महाआरती की और दीपदान कर मेले का औपचारिक शुभारंभ किया।राजिम पहुंचने के उपरांत राज्यपाल श्री डेका ने सबसे पहले प्राचीन और ऐतिहासिक भगवान श्री राजीवलोचन मंदिर में मत्था टेका। यहाँ उन्होंने भगवान की षोडशोपचार पूजा-अर्चना की और प्रदेश की जनता की खुशहाली, सुख-समृद्धि एवं सर्वांगीण जनकल्याण के लिए मंगल कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और पुजारियों ने राज्यपाल का भव्य स्वागत किया।इस विशेष अवसर पर प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले का आयोजन ‘कल्प’ स्वरूप में भव्यता के साथ किया जा रहा है, जिसमें आध्यात्मिक प्रवचन, शाही स्नान और भव्य सांस्कृतिक संध्याओं का समावेश होगा। समारोह में राज्य गृह भंडार निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप और कई स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।प्रशासनिक स्तर पर मेले की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संभाग आयुक्त महादेव कांवरे, गरियाबंद कलेक्टर श्री बीएस उइके, वनमण्डलाधिकारी शशिगानंदन के, और जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित वरिष्ठ अधिकारी आयोजन स्थल पर मुस्तैद रहे। यह मेला माघ पूर्णिमा से शुरू होकर महाशिवरात्रि तक चलेगा, जिसमें देश के कोने-कोने से साधु-संत और लाखों श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाने पहुंचेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back